टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मटियारी पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्य, लाभ एवं उनका लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही लोगों की समस्याओं और उनकी आवश्यकताओं को सुनते हुए योजनाओं से संबंधित जानकारी देकर जागरूक किया गया।
शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी मोहम्मद आदिल अनवर एवं मुखिया प्रतिनिधि सफदर हुसैन अंसारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कृषि पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से लाभुकों के बीच प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या होने पर संबंधित विभाग से संपर्क करने की अपील की। शिविर के आयोजन से पंचायत क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हुईं।