नवजात को सड़क पर फेंकने से सनसनी
नवोदय विद्यालय से महज 300 मीटर की दूरी पर मिला शव
कोढा /कटिहार – कोलासी पुलिस शिविर अंतर्गत नवोदय विद्यालय से महज 300 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे एक नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना ने एक बार फिर समाज की संवेदनहीनता और मानवता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के अनुसार ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े एक नवजात शिशु पर पड़ी। नजदीक जाकर देखने पर शिशु मृत अवस्था में मिला।
इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार को दी। सूचना मिलते ही शिविर प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मृत नवजात के शव का पंचनामा तैयार कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को सड़क किनारे किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा था। साथ ही उसकी पहचान और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।इस घटना ने कई संवेदनशील सवाल खड़े कर दिए हैं।
आखिर वह कौन था, जिसने एक मासूम को इस हाल में छोड़ दिया? क्या नवजात को जन्म देने के बाद जानबूझकर सड़क किनारे फेंका गया या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? हालांकि, इन सवालों का जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।