सागर चंद्रा /किशनगंज
पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर लगभग एक करोड़ रुपये मुल्य के 513 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंगाल के इस्लामपुर थाना क्षेत्र स्थित मौलानी गांव निवासी 25 वर्षीय रहीम उम्र पिता अजीजुल हक और 27 वर्षीय जाकिर हुसैन पिता संजु के रूप में की गई है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस उनके गिरोह में शामिल अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।
एसडीपीओ वन खुसरू सिराज ने बताया कि एसपी संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के पनासी हाट के पास एक मोटरसाईकल से स्मैक की खरीद बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर एसपी ने एसडीपीओ वन के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। टीम ने पनासी हाट के पास छापेमारी की।
लेकिन पुलिस को देखते ही काले रंग के अपाची बाइक सवार आरोपी रहीम और जाकिर हुसैन भागने लगा। जिसे टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।तलाशी लेने पर रहीम के पास से 513 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहाड़ कट्टा थाने में केस दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के बैकवार्ड और फॉरवार्ड लिंकेज का भी पता लगाया जा रहा है। अभियुक्तों के पास से बरामद मोबाईल का तकनीकी अनुसंधान किया जा रहा है। इस कांड में शामिल आरोपी के अपराध जनित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्त करने की कार्रवाई की जायेगी।