न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

नारायणपुर पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित,30 आवेदनों का मौके पर हुआ निष्पादन

मनिहारी /कटिहार – ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभागों से जुड़ी सुविधाएं पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नारायणपुर पंचायत भवन परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। यह पहले चरण का अंतिम सहयोग शिविर था। शिविर में पूर्व से प्राप्त सभी 30 आवेदनों का निष्पादन किया गया।

वहीं, लाभुकों के बीच मौके पर ही प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया।शिविर में पंचायती राज पदाधिकारी सोनू गुप्ता एवं राजस्व पदाधिकारी रामसागर पासवान पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सामाजिक कल्याण,राशन, राजस्व एवं भूमि, कृषि, स्वास्थ्य और विद्युत सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। ग्रामीणों ने संबंधित स्टॉल पर पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं और उनके समाधान के लिए आवेदन दिए।

पंचायती राज पदाधिकारी सोनू गुप्ता ने बताया कि पहले चरण के तहत सभी पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन पूरा कर लिया गया है। नारायणपुर पंचायत में आयोजित अंतिम शिविर में कुल 30 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनका निष्पादन किया गया। उन्होंने कहा कि शिविरों में मुख्य रूप से बिजली, राशन,भूमि,कृषि और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं सामने आईं, जिनके समाधान की दिशा में कार्रवाई की गई है।

शेष मामलों का भी निर्धारित 30 दिनों के भीतर निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता था, लेकिन अब संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मी पंचायत स्तर पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। इससे ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिल रही है और प्रखंड कार्यालय में अनावश्यक भीड़ एवं चक्कर लगाने की समस्या भी कम हुई है।

सोनू गुप्ता ने बताया कि नवंबर – दिसंबर से अगले चरण में फिर अलग-अलग पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से ग्रामीण अपने पंचायत भवन में ही आवेदन देकर सहयोग पोर्टल के जरिए अपनी समस्याओं का समाधान करवा सकेंगे।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। मौके पर राजस्व पदाधिकारी रामसागर पासवान, एमओ प्रकाश कुमार, विद्युत कनीय अभियंता अभिजीत कुमार, जिला परिषद प्रतिनिधि श्रवण कुमार, मुखिया रानी देवी,उपमुखिया प्रतिनिधि मसोवीर रजा, सरपंच वीणा देवी, रोजगार सेवक तौकीर आलम, वार्ड सदस्य अनिल कुमार मंडल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Comment