इरफान/पहाड़कट्टा
पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के काला सिंघिया गांव में लापता युवती का शव मिट्टी के नीचे दफन मिला. इस खौफनाक वारदात के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान परलाबाड़ी पंचायत के काला सिंघिया ईदगाह टोला निवासी जतालु की पुत्री मुस्कान के रूप में की गई है. परिजनों के मुताबिक मुस्कान बीते शुक्रवार से लापता थी.
काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो चिंतित परिजनों ने शनिवार को पहाड़कट्टा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कांड संख्या 297/26 दर्ज कराया. परिजन किसी अनहोनी की आशंका से बेहद परेशान थे और लगातार उसकी तलाश कर रहे थे. ईधर रविवार की दोपहर को युवती का शव मिट्टी के नीचे से बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया.
एसडीपीओ-टू मनोज कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंथ और पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मिट्टी की खुदाई कर शव को बाहर निकाला और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले को प्रेम-प्रसंग और हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा. इस घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. आरोपित युवक वासिद आलम व उनके परिजन घर मे ताला जड़कर फरार है. थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन किया गया है. पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.वही घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक कमरूल हुदा भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उनके द्वारा सांत्वना व्यक्त की गई।विधायक श्री हुदा ने पुलिस अधिकारियों से बात की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उनके द्वारा की गई है।