जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने पदाधिकारियों से समर्पण, सक्रियता और आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत बनाने का किया आह्वान
अररिया/बिपुल विश्वास
संगठन की मजबूती और आगामी पार्टी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय, अररिया में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने की। बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और उन्हें सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। पार्टी की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों को आपसी तालमेल, सामूहिक जिम्मेदारी और पूरी निष्ठा के साथ काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
बैठक को जिला महामंत्री कृष्ण कुमार सेनानी एवं राजेंद्र यादव ने भी संबोधित किया। इस दौरान जिले के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों, नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्षों और जिला पदाधिकारियों के साथ सांगठनिक गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष किरण कुमारी एवं सुधीर भगत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष दिव्यमूर्ति, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष गंगा ऋषिदेव, अति पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष दिलीप पटेल, किसान मोर्चा अध्यक्ष अश्वनी वर्मा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष ननंकु सोरेन तथा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष मोहम्मद याकूब सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष नित्यानंद मेहता, संतोष मंडल, विनय सिंह, घनश्याम यादव, राजीव साहनी एवं मंडल महामंत्री शशिनाथ राय समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बैठक में भाग लिया।
बैठक के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।