न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

नवरात्रि के महाअष्टमी पर भक्ति के रंग में रंगा कटिहार,पूजा पंडालों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

एलडब्लूसी, बनिया टोला , चूना गली, संघर्ष क्लब और लीडर क्लब के पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन को पहुंच रहे श्रद्धालु

भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस मुस्तैद

कटिहार – शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर रविवार को कटिहार शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। शहर के एलडब्लूसी, बनिया टोला, चूना गली, संघर्ष क्लब, सन ऑफ इंडिया, अमला टोला पुजा समिति, संग्राम संघ, यज्ञशाला पुजा समिति, कालीबाडी पुजा समिति, महामाया क्लब, विनोदपुर पुजा समिति, सार्वजनिक दुर्गा मंदिर, संघ श्री, सर्वमंगला दुर्गा मंदिर, मनोकामना मंदिर दौलतराम चौक पुजा समिति, हवाई अड्डा पुजा समिति और लीडर क्लब सहित प्रमुख पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं ने पूजा पंडालों की सुंदरता बढ़ा दी है। अष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। पूरा शहर मां दुर्गा की आराधना और भक्ति के रंग में डूबा नजर आया।

आकर्षक पंडाल और मां के दर्शन को लेकर उत्साह:

शहर के विभिन्न इलाकों में पूजा समितियों की ओर से पंडालों को आकर्षक रूप दिया गया है। कहीं भव्य प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रहे हैं, तो कहीं रंगीन रोशनी और सजावट से पूजा स्थल की सुंदरता देखते बन रही है। एलडब्लूसी, बनिया टोला और चूना गली के पूजा स्थलों पर श्रद्धालु परिवार के साथ पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद ले रहे हैं। वहीं, संघर्ष क्लब और लीडर क्लब के पंडालों में भी दर्शन के लिए लोगों की आवाजाही बनी हुई है। अष्टमी की पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। पूजा समितियों के सदस्य भी व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हैं, ताकि लोगों को दर्शन और पूजा-अर्चना में परेशानी नहीं हो।

भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस की मुस्तैदी:

पूजा पंडालों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर के प्रमुख पूजा स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मुस्तैदी बनी हुई है। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने, भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखा गया है। पूजा के दौरान यातायात और आम लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखना भी प्रशासन के लिए अहम है।

मेले में भी बढ़ी रौनक:

दुर्गापूजा के साथ शहर के विभिन्न पूजा स्थलों के आसपास मेले की रौनक भी बढ़ गई है। पूजा पंडालों में दर्शन के बाद लोग मेले में घूमने और खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। बच्चों में मेले को लेकर खास उत्साह है। दुकानों और आसपास के बाजारों में भी चहल-पहल देखने को मिल रही है। अष्टमी के अवसर पर श्रद्धा, उत्साह और उत्सव का माहौल पूरे शहर में नजर आ रहा है। पूजा समितियों, पुलिस और प्रशासन की व्यवस्था के बीच श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर पर्व का आनंद ले रहे हैं।

Share this news

Leave a Comment