किसानों को दी जाएगी आधुनिक खेती की जानकारी
कटिहार- जिले में रबी फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने तथा किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से 15 अक्टूबर को जिला स्तरीय रबी महाभियान 2026 कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, रबी फसलों के उत्पादन, फसल प्रबंधन और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे से कार्यशाला का शुभारंभ होगा। इसके बाद विभागीय पदाधिकारियों, कर्मियों एवं किसानों का निबंधन किया जाएगा। पूर्वाह्न 11 बजे से मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत तथा कार्यक्रम का उद्घाटन होगा। इसके बाद तकनीकी सत्र में कृषि योजनाओं, कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और किसानों को मिलने वाले लाभों पर चर्चा की जाएगी। कार्यशाला में कृषि विभाग के पदाधिकारी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे।
साथ ही कृषि यांत्रिकीकरण, जैविक खेती, फसल बीमा तथा अन्य कृषि संबंधी विषयों पर किसानों को जागरूक किया जाएगा। दोपहर बाद कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों द्वारा खेती से संबंधित तकनीकी जानकारी और किसानों की समस्याओं के समाधान पर चर्चा की जाएगी।कार्यक्रम में कृषि विभाग के पदाधिकारियों के अलावा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। कार्यशाला का उद्देश्य किसानों को रबी मौसम में बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना तथा कृषि योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाना है।