भाजपा की ओर से लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ को लेकर प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन आयोजित
केंद्रीय गृह राज्य नित्यानंद राय ने राष्ट्र की सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण और लोकतांत्रिक मूल्यों पर रखे विचार
कटिहार – भारतीय जनता पार्टी की ओर से शनिवार को शहर के जैन अतिथि भवन सभागार में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ को लेकर प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन का आयोजन किया गया।सम्मेलन में भारत सरकार के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम में जिले के बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिकों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने देश की आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा, सीमाओं की सुरक्षा,आतंकवाद के विरुद्ध कार्रवाई, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण तथा राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र को मजबूत बनाने से जुड़े विषयों पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
उन्होंने आतंकवाद एवं देशविरोधी गतिविधियों के प्रति केंद्र सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा केवल सरकार और सुरक्षा बलों की जिम्मेदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। राष्ट्रीय एकता,सामाजिक सद्भाव, कानून के प्रति सम्मान और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता देश को मजबूत बनाने के प्रमुख आधार हैं। प्रबुद्ध नागरिक अपने अनुभव, विचार और सामाजिक प्रभाव के माध्यम से लोगों को जागरूक कर राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को गति दे सकते हैं।
सम्मेलन का एक प्रमुख विषय महिला सशक्तीकरण और महिला आरक्षण विधेयक रहा। इस विषय पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों से विधेयक के समर्थन में प्रस्ताव प्रस्तुत करने का आग्रह किया। इसके बाद सभागार में उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों ने सहमति व्यक्त की और महिला आरक्षण विधेयक के समर्थन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास की यात्रा तभी अधिक प्रभावी होगी, जब सरकारी प्रयासों के साथ नागरिकों का सहयोग और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित हो।
सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश झा, क्षेत्रीय प्रभारी प्रणव यादव, जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, प्राणपुर विधायक सह महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह, प्रदेश मंत्री सीमा झा, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, पूर्व विधान पार्षद राजवंशी सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, जिला महामंत्री रामनाथ पांडेय,सौरभ कुमार मालाकार सहित अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सम्मेलन को सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में भाजपा के सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों, संयोजकों, पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।