बहादुरगंज के मुसलडंगा गांव में मची अफरा-तफरी, घरों में रखा सामान, कपड़े और अनाज भी जलकर नष्ट
बहादुरगंज/निसार अहमद
किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत निसंद्रा पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित मुसलडंगा गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में कई परिवारों के घर जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को घरों से सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। घटना के बाद प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
सूचना मिलते ही बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार और अंचल अधिकारी आशीष कुमार दमकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इससे आसपास के अन्य घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
अग्निकांड से प्रभावित परिवारों की पहचान कपिल आलम , सज्जाद आलम , मोहम्मद दुना ,खातून निशा, सज्जाद आलम, सनफरोज बेगम, तलत बेगम, खुशबू परवीन, समीमा बेगम, हुस्ना आरा, नाजमीन बेगम, मोहसरी बेगम और मोहसीना बेगम के रूप में हुई है।
अग्निकांड में प्रभावित परिवारों के घरों में रखे कपड़े, अनाज, नकदी और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के बीच मायूसी छाई हुई है। अंचल अधिकारी आशीष कुमार ने पीड़ितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा और राहत सामग्री देने की मांग की है।