पत्नी को बंधक बनाकर पीटा,पति का किया अपहरण
घर का दरवाजा तोड़कर घुसे 12 लोगों पर मारपीट का आरोप
पेड़ से बांधकर दिनेश मंडल को पीटा
गुंजरा गांव से पुलिस ने वाहन समेत किया बरामद
बरारी /कटिहार- बरारी थाना क्षेत्र के उचला बिंद टोला में अंधविश्वास का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीमारी से एक व्यक्ति की मौत के बाद तंत्र-मंत्र के शक में एक दंपती को निशाना बनाया गया। आरोप है कि 12 लोगों ने एकजुट होकर दंपती के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। महिला को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। जबकि उसके पति को पेड़ से बांधकर अधमरा कर दिया गया।
इसके बाद छह आरोपी घायल अवस्था में ही दिनेश मंडल को चारपहिया वाहन से जबरन उठाकर ले गए। हालांकि घटना की सूचना मिलते ही बरारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को बंधनमुक्त कराया और अगवा किए गए दिनेश मंडल को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना 28 नवंबर की सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। इस संबंध में रेनू देवी (46) पति दिनेश मंडल ने बरारी थाने में आवेदन देकर 12 लोगों को नामजद किया है। आवेदन के अनुसार रेनू देवी अपने पति के साथ घर पर थीं। इसी दौरान उनके भैसुर नंदलाल मंडल की बीमारी के बाद मौत होने की सूचना मिली।पति -पत्नी इस संबंध में आपस में बातचीत कर ही रहे थे कि पिंटू मंडल उर्फ राजीव, मनीष मंडल, सूरज मंडल, अरविंद मंडल समेत 12 लोग एकजुट होकर उनके घर पहुंच गए।
आरोप है कि सभी ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दंपती के साथ गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान कुछ आरोपियों ने दोनों को उठाकर ले चलने और मारकर फेंक देने की बात कही। आरोपियों ने नंदलाल मंडल की मौत के लिए दंपती को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर तंत्र-मंत्र करने का आरोप लगाया। इसके बाद सभी दंपती को जबरन अपने घर ले गए।रेनू देवी के अनुसार वहां उनके साथ लाठी-डंडे, लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की गई।
मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद आरोपियों ने उनके पति दिनेश मंडल को अपने आंगन में लगे पेड़ से बांध दिया और जान मारने की नीयत से लाठी-डंडों से पिटाई करने लगे। इससे उनके पति के हाथ, पसली, मुंह और होंठ में गंभीर चोटें आईं। वह अधमरी हालत में थे। इसी दौरान छह आरोपी उन्हें चारपहिया वाहन बीआर 01पीबी 9711 में बैठाकर जबरन अपने साथ ले गए। जाते समय आरोपियों ने पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की जानकारी मिलने पर बरारी पुलिस दल-बल के साथ आरोपियों के घर पहुंची और वहां बंधक बनाकर रखी गई घायल रेनू देवी को मुक्त कराया। इसके बाद पुलिस ने अगवा किए गए दिनेश मंडल की बरामदगी के लिए छापेमारी शुरू कर दी। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि दिनेश मंडल को विशनपुर पंचायत के गुंजरा गांव में रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनेश मंडल को रेस्क्यू कर लिया।
इस दौरान अपहरण में शामिल तीन आरोपियों को चारपहिया वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया।रेस्क्यू के बाद गंभीर रूप से घायल दिनेश मंडल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहीं, रेनू देवी ने भी बरारी अस्पताल में अपना इलाज कराया है। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से अगवा दिनेश मंडल की बरामदगी और महिला को बंधनमुक्त कराए जाने को लेकर स्थानीय स्तर पर पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।