मो. कमालुद्दीन बने अध्यक्ष और गोपाल प्रसाद मंडल महासचिव, अधिवक्ताओं के हितों और संगठन की मजबूती के लिए मिलकर काम करने का संकल्प
फारबिसगंज/बिपुल विश्वास
बार एसोसिएशन फारबिसगंज के सत्र 2026-2028 के लिए संपन्न द्विवार्षिक चुनाव के बाद शुक्रवार को नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। वकालतखाना परिसर स्थित नवनिर्मित इनडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में चुनाव पदाधिकारी दुर्गानंद प्रसाद साह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। साथ ही सभी को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया।
द्विवार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद पर मो. कमालुद्दीन, महासचिव पद पर गोपाल प्रसाद मंडल, उपाध्यक्ष पद पर शिवानंद मेहता, संयुक्त सचिव पद पर समीर कुमार मणिबणिंद, कोषाध्यक्ष पद पर मो. मुस्सबीर आलम तथा अंकेक्षक पद पर तेज नारायण साह निर्वाचित हुए हैं।
वहीं, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के दो पदों पर अबु तालिब एवं रामाशंकर दास ने जीत दर्ज की। जबकि कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के रूप में राकेश कुमार दास, गिरेंद्र कुमार गुप्ता, सुरेश कुमार साह, कुंदन कुमार दास एवं मो. शमशाद अंसारी निर्वाचित हुए।
समारोह में बार एसोसिएशन फारबिसगंज एवं एडवोकेट एसोसिएशन फारबिसगंज के बड़ी संख्या में अधिवक्ता सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, सम्मान, एकता और कल्याण को प्राथमिकता देगी। साथ ही संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में सार्थक पहल करेगी।
शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ता समुदाय के हितों की रक्षा, बार की गरिमा एवं एकजुटता बनाए रखने तथा अधिवक्ताओं की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का संकल्प लिया।