बेलवा-रामगंज सड़क को पथ निर्माण विभाग में शामिल करने और छत्तरगाछ में मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण का उठाया मुद्दा, मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
किशनगंज/प्रतिनिधि
किशनगंज विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक एवं बुनियादी समस्याओं को लेकर विधायक मो. कमरुल होदा ने शनिवार को पटना स्थित सरकारी आवास पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की सड़क, बाजार एवं आधारभूत संरचनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान विधायक ने बेलवा-रामगंज सड़क को पथ निर्माण विभाग (RCD) में अधिग्रहित करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही छत्तरगाछ बाजार में सैरात की जमीन पर मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। विधायक श्री हुदा ने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक श्री हुदा की मांग पर मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने पथ निर्माण विभाग के मंत्री कुमार शैलेन्द्र से फोन पर बात कर बेलवा-रामगंज सड़क को विभाग में शामिल करने के संबंध में चर्चा की। वहीं, अन्य मामलों को लेकर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुलाकात के बाद विधायक श्री हुदा ने कहा कि किशनगंज क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर मंत्री ने गंभीरता दिखाते हुए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया है। क्षेत्र की लंबित समस्याओं के समाधान और विकास योजनाओं को गति देने के लिए इस तरह की पहल को महत्वपूर्ण बताया गया।