दो दिवसीय निरीक्षण में न्यायिक व्यवस्था का लिया जायजा
बार एसोसिएशन के सभागार में अधिवक्ताओं ने किया भव्य स्वागत
न्यायमूर्ति ने न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के साथ किया संवाद
कटिहार कोर्ट – पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सह कटिहार जजशिप के इंस्पेक्टिंग जज अशोक कुमार पांडे अपने दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के तहत कटिहार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कटिहार व्यवहार न्यायालय सहित विभिन्न न्यायिक कार्यालयों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति श्री पांडे ने न्यायालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही कई नई योजनाओं एवं कार्यालयों का उद्घाटन भी किया। उन्होंने न्यायालय परिसर की आधारभूत सुविधाओं, कार्यालयों के संचालन एवं न्यायिक कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। न्यायमूर्ति श्री पांडे अपने निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान कटिहार बार एसोसिएशन के सभागार भी पहुंचे।
यहां बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महानंद यादव एवं सचिव विजय कुमार झा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर आयोजित स्वागत समारोह में न्यायमूर्ति ने अपने संबोधन में न्यायिक व्यवस्था में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि न्यायपालिका और अधिवक्ता एक-दूसरे के पूरक हैं। न्याय की प्रक्रिया को प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने में अधिवक्ताओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अधिवक्ताओं से न्यायिक गरिमा एवं मर्यादा बनाए रखते हुए न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।वहीं बार एसोसिएशन के सचिव विजय कुमार झा ने आयोजित स्वागत समारोह के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि न्यायमूर्ति के आगमन से अधिवक्ताओं में विशेष उत्साह रहा।
बार एसोसिएशन की ओर से उनका सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान न्यायमूर्ति ने अधिवक्ताओं से संवाद भी किया। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रणवीर सिंह सहित सभी न्यायिक पदाधिकारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, सैकड़ों की संख्या में अधिवक्तागण एवं न्यायालय कर्मी मौजूद रहे।