फारबिसगंज/बिपुल विश्वास
राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, फारबिसगंज में शनिवार को पूर्ववर्ती छात्रा मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान की पूर्ववर्ती छात्राओं एवं वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न कंपनियों में कार्यरत तथा उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही संस्थान की सफल पूर्ववर्ती छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य पार्षद बीना देवी, संस्थान के प्राचार्य राजीव कुमार, कोमल कुमारी (सहायक विद्युत अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, फारबिसगंज) तथा जिले के तीनों राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के उपप्राचार्य रंजीत कुमार, पुष्करानंद एवं विवेक प्रकाश मणि द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
उद्घाटन के उपरांत प्राचार्य राजीव कुमार ने मुख्य अतिथि बीना देवी को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं, संस्थान के अनुदेशकों द्वारा अन्य अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत एवं वंदना गीत से हुई, जिसमें छात्रा रिया कुमारी ने उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का शानदार मंच संचालन अनुदेशक प्रियंका कुमारी एवं छात्रा अर्चना कुमारी, अनोखी कुमारी ने किया।
इस अवसर पर प्राचार्य राजीव कुमार ने सफल पूर्ववर्ती छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि पूर्ववर्ती छात्रा मिलन समारोह वर्तमान एवं पूर्ववर्ती छात्राओं के बीच संवाद, अनुभव साझा करने और आपसी जुड़ाव को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने छात्राओं से संस्थान एवं एलुमनी एसोसिएशन से निरंतर जुड़े रहने तथा अपनी उपलब्धियों एवं अनुभवों से वर्तमान छात्राओं का मार्गदर्शन करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान वर्तमान एवं पूर्ववर्ती छात्राओं ने एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव साझा किए तथा शिक्षा, प्रशिक्षण एवं रोजगार से जुड़े अनुभवों पर चर्चा की। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत रिया, अर्चना, काजल, विनिता, जायरा, अनोखी, आँचल, त्रिशा, तनुप्रिया, खुशी, संध्या, साक्षी, लीना भारती, रोली एवं सना सहित अन्य छात्राओं ने मनमोहक नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।
समारोह के दौरान संस्थान स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं, CITS उत्तीर्ण छात्राओं तथा विभिन्न बाहरी कंपनियों में कार्यरत पूर्ववर्ती छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए मोमेंटो एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, जिला स्तरीय युवा महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
साथ ही, एलुमनी एसोसिएशन की मैनेजमेंट कमेटी की उन छात्राओं को भी प्राचार्य द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया, जिन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्राचार्य ने आयोजन समिति की छात्राओं के प्रयासों, समर्पण एवं सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। अंत में एलुमनी एसोसिएशन की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्य के साथ समारोह का भव्य समापन किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य के अतिरिक्त मुख्य अनुदेशक मनोज कुमार, अनुदेशक ओंकार रोशन, शिल्पा, कर्मी किशोर, मिंटू, विपिन सहित संस्थान के अन्य कर्मी एवं बड़ी संख्या में वर्तमान एवं पूर्ववर्ती छात्राएं उपस्थित रहीं।