न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

विधवा महिला की इलाज के दौरान मौत,ससुराल वालों पर पिटाई का आरोप,एक गिरफ्तार

पिता के आवेदन पर थाने में मामला दर्ज

इरफान/पोठिया

पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के पनासी पंचायत अंतर्गत अधिकारी गांव में ससुराल पक्ष की बेरहमी से पिटाई की शिकार हुई एक विधवा महिला की शुक्रवार को ईलाज के दौरान मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में सनसनी है, वहीं मृतका के मायके में मातम पसरा हुआ है। मृतका की पहचान अधिकारी गांव निवासी अजमेरी खातून के रूप में हुई है। पानीसाल निवासी मृतका के पिता चिराग अली ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व अजमेरी के पति मो. लाल मियां का निधन हो गया था।

पति की मृत्यु के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती थी। मिली जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले ससुराल वालों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अजमेरी खातून को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बेटी की हालत की खबर मिलते ही पिता चिराग अली बदहवास हालत में अधिकारी गांव पहुंचे।

उन्होंने तत्काल घायल अजमेरी को इलाज के लिए पहले इस्लामपुर और फिर बेहतर उपचार के लिए किशनगंज के अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद शुक्रवार दोपहर उसने अंतिम सांस ली।

बेटी की मौत से आहत पिता चिराग अली के लिखित आवेदन पर पहाड़कट्टा थाने में हत्या की प्राथमिकी कांड संख्या 317/26 दर्ज कर ली गई है। इस मामले में ससुराल पक्ष के कुल 8 लोगों अशफाक, नाजमा खातून, नसीमा खातून, जाहिद, फिरोज, नसीब, आकाली और नुरून निशा को नामजद आरोपी बनाया है।पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए एक आरोपी अशफ़ाक़ को गिरफ्तार कर लिया है एवं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Share this news

Leave a Comment