न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित,सौहार्दपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाने की अपील

पबना घाट के पारंपरिक मार्ग से अवरोध हटाने की मांग, दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक

रणविजय /पौआखाली:


दुर्गापूजा एवं नवरात्र को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को पौआखाली थाना परिसर में थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति पौआखाली के पदाधिकारियों सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने हिस्सा लिया. इस दौरान पूजा समिति की ओर से पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और विसर्जन व्यवस्था से जुड़ी कई मांगें पुलिस प्रशासन के समक्ष रखी गईं.


बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा पबना घाट तक पहुंचने वाले पारंपरिक कच्चे मार्ग के अवरुद्ध होने का रहा. पूजा समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि उक्त मार्ग का उपयोग लंबे समय से प्रतिमा विसर्जन के साथ-साथ छठ पर्व के दौरान भी श्रद्धालुओं द्वारा किया जाता रहा है. मार्ग अवरुद्ध रहने से दुर्गापूजा प्रतिमा विसर्जन और आगामी छठ पर्व के दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. समिति ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर पारंपरिक मार्ग को अवरोधमुक्त कराने की मांग की.


वहीं प्रतिमा विसर्जन के दौरान निकलने वाले जुलूस के लिए लक्ष्मी चौक पर विशेष ठहराव की व्यवस्था किए जाने का भी आग्रह किया गया, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ जुलूस को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके.
बैठक में अधिकारियों ने दुर्गापूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया. कहा गया कि पर्व को आपसी सद्भाव, शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाए. धार्मिक उन्माद फैलाने, अफवाह फैलाने अथवा किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.

लोगों से भी सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई.
इधर, जियापोखर थाना परिसर में भी गुरुवार को दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. थानाध्यक्ष गौतम कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों एवं स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया. यहां भी शांतिपूर्ण माहौल में पूजा पर्व संपन्न कराने, आपसी सौहार्द बनाए रखने और विधि-व्यवस्था में सहयोग करने पर विशेष जोर दिया गया.


बैठक में उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि अबूनसर आलम, नगर पार्षद प्रतिनिधि कामरान खान, हनीफ आलम, मुखिया फुलेश्वर प्रसाद सिंह, पूर्व मुखिया सुकुमार सिन्हा, पूर्व समिति सदस्य प्रदीप सिन्हा, सुधीर यादव, नूर आलम, संतोष साह, आफताब अहमद, दुर्गापूजा संचालन समिति के पदाधिकारी सचिन साह, राजा साह, बिट्टू सिन्हा, रॉनी सिन्हा, सोनू गुप्ता, रौनक महतो, सोनू राय सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे.

Share this news

Leave a Comment