पंचायतवार योजनाओं की स्थिति, कार्यों की पूर्णता और क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं पर हुई चर्चा
मनिहारी/कटिहार – प्रखंड क्षेत्र में कायाकल्प योजना के तहत संचालित विकास कार्यों की प्रगति, योजनाओं की पूर्णता तथा शेष कार्यों को गति देने को लेकर प्रखंड प्रशासन सक्रिय हुआ है। इसी कड़ी में प्रखंड विकास पदाधिकारी सनत कुमार ने प्रखंड सभागार में कायाकल्प से संबंधित समीक्षा बैठक बुलाई ।राज्य सरकार के इस अभियान का उद्देश्य पंचायतों में उपलब्ध सरकारी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों का जीर्णोद्धार,मरम्मत, सुदृढ़ीकरण, रंग-रोगन, साफ-सफाई तथा बंद पड़ी जनसुविधाओं को दोबारा चालू कराना है।
इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण भी कराया जाना है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में आहुत बैठक में सभी पंचायतों के मुखिया, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, पंचायत सचिवों एवं तकनीकी सहायकों ने भाग लिया। बैठक में कायाकल्प योजना की पूर्णता पर विस्तृत चर्चा के साथ अन्य विषयों पर भी विचार की गयी।
कायाकल्प अभियान के तहत विद्यालयों के भवन, कक्षाओं, रसोईघर एवं शौचालयों की मरम्मत व रंगाई-पुताई, आंगनबाड़ी केंद्रों का जीर्णोद्धार, सामुदायिक एवं पंचायत भवनों का रखरखाव, स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था में सुधार, पेयजल सुविधाओं का अनुरक्षण, गली-नाली का पक्कीकरण तथा सोलर स्ट्रीट लाइट जैसी जनोपयोगी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया । जिले में प्रत्येक ग्राम पंचायत से लगभग दस योजनाओं के चयन का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के तहत मरम्मत, रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। वहीं नई आधारभूत संरचनाओं से संबंधित कार्यों को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने की समय सीमा रखी गई है।बैठक में मनरेगा पीओ अलेन्दु कुमार,श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी,प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सोनू गुप्ता सहित अनेक पंचायतों के मुखिया एवं पंचायत सचिव भी मौजूद रहे ।