दिघलबैंक/मुरलीधर झा
वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र के सीमावर्ती गांव मालटोली में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी, किशनगंज निखिलेश कुमार पाठक ने गांव का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
दौरे के दौरान पदाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक कर संवाद स्थापित किया तथा गांव की समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की वास्तविक जरूरतों एवं जमीनी परिस्थितियों को समझते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया गया।
वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत चयनित सीमावर्ती गांवों का ग्राम प्रोफाइल भी तैयार किया जा रहा है, ताकि गांव की मूलभूत सुविधाओं और आवश्यकताओं का समुचित आकलन किया जा सके।
जिला कल्याण पदाधिकारी निखिलेश कुमार पाठक ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम का उद्देश्य सीमावर्ती गांवों में विकास गतिविधियों को गति देने के साथ-साथ स्थानीय समुदाय और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास स्थापित करना है। ग्रामीणों की भागीदारी से सीमा सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्थानीय समस्याओं और जरूरतों को प्रशासन तक पहुंचाने की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर पंचायत सचिव प्रेम कुमार सिन्हा, विकास मित्र सत्यनारायण रॉय, वार्ड सदस्य राजनारायण गणेश सहित प्रदीप सिन्हा, अभय सिन्हा, कमल कुमार गणेश एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।