न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

मलेशिया की जेल में बंद सीमांचल के 14 युवाओं की रिहाई की उठी मांग,पूर्व विधायक ने अधिकारियों को सौंपा मांगपत्र

पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने पीड़ित परिवारों के साथ पूर्णिया में अधिकारियों को सौंपा मांगपत्र, मानव तस्करी के कथित आरोपी नाहिद गनी पर कार्रवाई की मांग

किशनगंज /प्रतिनिधि

मलेशिया में जेल में बंद सीमांचल के 14 युवाओं की रिहाई और उन्हें कथित तौर पर विदेश भेजने वाले एजेंट नाहिद गनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। इसको लेकर कोचाधामन के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने शनिवार को पीड़ित परिवारों के साथ पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त, आईजी और जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा।साथ ही प्रभारी एसपी सह पूर्णिया सदर एसडीपीओ को भी मांगपत्र सौंपकर पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा बिहार सरकार के गृह विभाग के सचिव को भी पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप करने और आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया गया है।

14 युवाओं में पूर्णिया के छह, किशनगंज के छह और अररिया के दो

विधायक श्री अलम ने बताया कि मलेशिया में बंद 14 युवाओं में छह पूर्णिया जिले, छह किशनगंज जिले और दो अररिया जिले के रहने वाले हैं। बताया गया है कि इन युवाओं को 8 सितंबर को मलेशियन इमिग्रेशन विभाग ने बिना वैध वीजा के काम करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद 1 अक्टूबर को मलेशिया की अदालत ने उन्हें चार-चार महीने की सजा सुनाई।

पूर्व विधायक की ओर से अधिकारियों को सौंपे गए आवेदन में युवाओं की रिहाई के लिए आवश्यक कानूनी और राजनयिक पहल करने की मांग की गई है। साथ ही युवाओं को विदेश भेजने के पूरे मामले की जांच कर कथित मानव तस्कर नाहिद गनी एवं अन्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

विदेश भेजने के नाम पर युवाओं के फंसने का आरोप

मामले में मलेशिया से वापस लौटे युवाओं के अलावा सऊदी अरब से लौटे कुछ युवाओं का भी जिक्र किया गया है। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को एजेंट के माध्यम से भेजा गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा।यही नहीं युवकों को टूरिस्ट वीजा पर भेज दिया गया।गौरतलबल हो कि एजेंट नाहिद गनी असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के युवा प्रकोष्ठ का नेता है और बताया जाता है कि ये कई सालों से बिना वैध कागजात के युवाओ को नौकरी का झांसा देकर विदेश भेजता रहा है ।

सोशल मीडिया पर युवकों की गिरफ्तारी के वीडियो हुआ था वायरल

बीते दिनों सोशल मीडिया पर पीड़ित युवकों के द्वारा मलेशिया पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने का वीडियो वायरल किया गया था साथ ही युवकों ने आपबीती सुनाई थी,जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया था ।

पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने अधिकारियों से पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराने, मलेशिया में बंद युवाओं को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा कथित मानव तस्करी नेटवर्क में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।देखने वाली बात होगी कि प्रशासन कबूतरबाज नाहिद गनी पर क्या कारवाई करती है।

यह कोई पहला मामला नहीं है इससे पहले भी नाहिद गनी के कई मामले उजागर हो चुके हैं।जरूरत है भोले भाले युवाओं को बेहतर भविष्य का सब्जबाग दिखाकर ठगी का शिकार बनाए जाने वाले ऐसे कबूतरबाज पर सख्त कारवाई किए जाने की ।

Share this news

Leave a Comment