गलगलिया पुलिस की कार्रवाई में चोरी के 65 किलो तांबे के तार के साथ चार आरोपियों को किया गया
गिरफ्तार
संवाददाता/किशनगंज
गलगलिया थाना पुलिस ने चोरी की एक वारदात का खुलासा करते हुए चोरी के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई गुरुवार को की गई।पुलिस ने इनके पास से चोरी किया गया 65 किलोग्राम तांबे का तार और घटना में इस्तेमाल किया गया एक ई-रिक्शा भी बरामद किया है। यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी टू मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित एक विशेष छापेमारी दल द्वारा की गई है।
किशनगंज पुलिस के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 1 अक्टूबर की रात गलगलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित रीगल रिसोर्सेज लिमिटेड फैक्ट्री से आरोपियों द्वारा करीब 50 हजार रुपये मूल्य का तांबे का तार चोरी कर लिया गया था। इस मामले में फैक्ट्री के आवेदक आदित्यनाथ झा के आवेदन पर गलगलिया थाना में कांड संख्या 97/26 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ 2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के तार और चारों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
विक्रम कुमार निवासी बंदरबाड़ी, गलगलिया,राजन कुमार शाह निवासी रामनगर, गलगलिया,शमीम अख्तर निवासी बासमुनी, गलगलिया व राजेश कुमार साहब बंदरबाड़ी गलगलिया से पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह के अलावा अंचल पुलिस निरीक्षक ठाकुरगंज पंकज पथ, गलगलिया थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार, अपर थानाध्यक्ष रवि रंजन कुमार, अवर निरीक्षक नंदकिशोर प्रसाद, विनीता देवी, सहायक अवर निरीक्षक सनातन जॉन तिरू और गलगलिया थाना के सशस्त्र बल व चालक शामिल थे।