न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

पागल कुत्ते का आतंक..17 लोगों को काटकर किया घायल

डायल-112 की सूचना पर कटिहार से पहुंची डॉग रेस्क्यू टीम

काफी मशक्कत के बाद पकड़ा गया कुत्ता

बरारी/कटिहार -प्रखंड के लक्ष्मीपुर पंचायत स्थित भैंसदीरा गांव में शनिवार की सुबह एक पागल कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया।कुत्ते ने गांव में अलग अलग स्थानों पर हमला कर करीब 17 लोगों को काटकर घायल कर दिया।एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के कुत्ते के हमले का शिकार होने से गांव में अफरातफरी मच गई।लोग कुत्ते से बचने के लिए अपने अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।कुत्ते के पकड़े जाने तक पूरे गांव में दहशत का माहौल बना रहा।कुत्ते के हमले में घायल लोगों को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरारी पहुंचाया गया।

यहां चिकित्सकीय टीम ने घायलों का उपचार किया।घायलों में उमेश सिंह आशीष कुमार मंजीत सिंह पिंकी कौर जलधर पासवान विजय ठाकुर प्रीति कुमारी लक्ष्मी कुमारी और रामपीया देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं।बताया गया कि इनमें कई लोग लक्ष्मीपुर पंचायत के वार्ड संख्या 14 और 16 के रहने वाले हैं।गांव में घूम-घूमकर सामान और कपड़े बेचने वाला एक व्यक्ति भी कुत्ते के हमले में घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह से ही कुत्ता गांव में इधर-उधर घूम रहा था और अचानक लोगों पर हमला कर उन्हें काटने लगा।देखते ही देखते कई लोग उसके हमले की चपेट में आ गए।कुत्ते के लगातार हमले से ग्रामीणों में भय का माहौल कायम हो गया।लोगों ने बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने से रोक दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर भाजयुमो के बरारी प्रखंड अध्यक्ष अखिलेश कुमार कुशवाहा घायलों को लेकर सीएचसी बरारी पहुंचे।उन्होंने घटना की सूचना डायल-112 को दी और कुत्ते को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की।सूचना मिलने के बाद कटिहार से डॉग रेस्क्यू टीम भैंसदीरा गांव पहुंची।टीम के सदस्यों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आतंक मचा रहे कुत्ते को पकड़ लिया।कुत्ते के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Share this news

Leave a Comment