फलका /कटिहार – फलका थाना क्षेत्र के गोपालपट्टी गांव के बड़कीबाड़ी बहियार में एक महिला चांदनी देवी(32) का शव मिलने के बाद शनिवार को पूरे इलाके में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद जब मृतिका का शव वापस गोपालपट्टी गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।पीड़ित परिजनों के उपर टूटे दुःखों का पहाड़ के शोक में आस पड़ोस के लोगों ने चूल्हा तक नहीं जलाया।
मृतिका के छोटे-छोटे चार बच्चों और पति सुनील कुमार के करुणा भरे क्रंदन को देखकर शव यात्रा में शामिल ग्रामीणों की आँखों से भी आँसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। इस दौरान मृतिका के बच्चे लक्ष्मी कुमारी (14), आर्यन कुमार (11), जूही कुमारी (10) और पीयूष कुमार (8 ) अपने सिर से मां की ममता का आँचल उठ जाने के गम में शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रो रहे थे।
वहीं, अपनी जीवनसंगिनी को खोने के वियोग में पति सुनील कुमार बदहवास स्थिति में थे।मृतिका चांदनी देवी हर दिन की तरह मवेशियों के लिए चारा लाने बड़कीबाड़ी बहियार गई हुई थी। जब वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने आसपास के खेतों और बहियार में उसकी काफी खोजबीन की। रिश्तेदारों से भी पूछताछ की गई, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। परेशान होकर पीड़ित पति ने शुक्रवार को फलका थाने में पत्नी की गुमशुदगी का आवेदन दिया।
आवेदन देने के बाद जब परिजन दोबारा खोजबीन में जुटे तो बड़कीबाड़ी बहियार स्थित एक बांस के बगीचे में चांदनी देवी का शव बरामद हुआ। मामले में थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि मृतिका के पति सुनील कुमार के आवेदन के आधार पर फिलहाल यूडी केस दर्ज कर लिया गया है।
हालांकि, पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए कुछ खास बिंदुओं पर गहन जांच -पड़ताल कर रही है। उन्होंने आगे बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।