मनिहारी पुलिस ने महेशपुर चिमनी भट्ठा के पास की कार्रवाई आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
मनिहारी /कटिहार – मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर महेशपुर गांव स्थित चिमनी भट्ठा के पास लालबाग चौक – कालीगंज मुख्य सड़क से दो युवकों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवकों के पास से एक देसी लोडेड कट्टा, एक जिंदा कारतूस, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा 100 रुपये नकद बरामद किये गये।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मनिहारी थाना क्षेत्र के बोरनी गांव निवासी सुजीत कुमार गुप्ता (35) पिता उदय कुमार गुप्ता तथा मेहसाडीह गांव निवासी महानंद हेंब्रम (25) पिता भोला हेंब्रम के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने दोनों को मौके से हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें हथियार व कारतूस बरामद हुआ।
थानाध्यक्ष के जानकारी दी कि मामले में मनिहारी थाना कांड संख्या 470/26, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ब)ए/26/35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
छापेमारी अभियान में एसआई आशीष कुमार एवं पीएसआई पीयूष नंदन की भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि अवैध हथियारों व अवांछित गतिविधियों अपराधियों के विरुद्ध क्षेत्र में अभियान आगे भी जारी रहेगा।