स्वदेशी अपनाएँ, आत्मनिर्भर भारत बनाएँ
कटिहार के वार्ड संख्या 41 में स्थानीय उद्यमियों से आत्मीय मिलन कर किया सम्मानित
कटिहार – भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत कटिहार नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 41 में ‘वोकल फॉर लोकल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों, व्यवसायियों, स्टार्टअप संचालकों, क्षेत्रीय कला एवं हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों, जीविका समूहों के सदस्यों तथा स्वदेशी उत्पादों के निर्माण एवं व्यापार से जुड़े लोगों से आत्मीय संवाद स्थापित करना, उनके कार्यों को प्रोत्साहित करना और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय शामिल हुए। वहीं जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा, जिला महामंत्री गोविंद अधिकारी एवं सौरभ कुमार मालाकार की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह कार्यक्रम वाणिज्य प्रकोष्ठ एवं व्यापार प्रकोष्ठ के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसमें वाणिज्य प्रकोष्ठ के संयोजक संजीव माहेश्वरी एवं व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक नीरज आजाद अपने कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए।
इस अवसर पर वार्ड संख्या 41 के स्थानीय उद्यमियों के स्वरोजगार और मेहनत की सराहना की गई। अजय चौधरी एवं उनके परिवार के सदस्य रुई एवं पलीता निर्माण के कार्य से जुड़े हुए हैं और अपने परिश्रम,अनुभव एवं हुनर के बल पर स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा दे रहे हैं। वहीं राजकुमार यादव अपने परिवार के साथ कालीन,चुनरी एवं सरसों तेल के कारोबार के माध्यम से स्वदेशी व्यवसाय को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय सहित उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इन उद्यमियों से मिलकर उनके कार्यों की जानकारी ली, उनके परिश्रम एवं कौशल की सराहना की तथा उन्हें सम्मानित कर प्रोत्साहित किया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को प्रोत्साहन देना, पारंपरिक हुनर को पहचान दिलाना और छोटे उद्यमियों को समाज के सामने प्रेरणास्रोत के रूप में प्रस्तुत करना है।
जिला अध्यक्ष मनोज राय ने वोकल फॉर लोकल कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्थानीय उत्पादों को अपनाना केवल खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और मेहनतकश परिवारों की आजीविका को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। जब हम अपने क्षेत्र में बने उत्पादों को प्राथमिकता देते हैं, तो स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलती है, पारंपरिक कौशल को संरक्षण मिलता है और आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि आइए, हम सभी संकल्प लें कि स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, स्थानीय उद्यमियों का सम्मान करेंगे और अपने क्षेत्र के उद्योग एवं व्यापार को आगे बढ़ाने में सहभागी बनेंगे।स्वदेशी अपनाएँ, स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। इस अवसर पर कार्यक्रम में जिला प्रवक्ता महेंद्र झा,राजकुमार जायसवाल, जवाहर साह,राहुल कुमार सहित पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए।