लंबित कांडों के समयबद्ध निष्पादन करे – विवेकानंद
दशहरा पर सख्त सुरक्षा के निर्देश
प्रशिक्षु सिपाहियों की ट्रेनिंग भी परखी
कटिहार -पूर्णिया क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद ने शनिवार को कटिहार पुलिस केंद्र और नगर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षु सिपाहियों के प्रशिक्षण,थाना की व्यवस्थाओं,अभिलेखों के रख-रखाव और लंबित कांडों के अनुसंधान की समीक्षा की। आगामी दशहरा पर्व को देखते हुए उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आईजी ने सबसे पहले कटिहार पुलिस केंद्र पहुंचकर नवनियुक्त सिपाहियों के बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में उन्होंने प्रशिक्षु सिपाहियों की शैक्षणिक एवं व्यावहारिक गतिविधियों, अनुशासन, परेड अभ्यास और शारीरिक दक्षता की समीक्षा की।
उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और प्रभावी बनाने तथा आधुनिक पुलिसिंग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके बाद आईजी ने नगर थाना का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना, हाजत और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। थाने में संधारित विभिन्न अभिलेखों और पंजियों की भी जांच की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर- वन विशाल आनंद मौजूद रहे।
पुराने मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश –
लंबित कांडों के अनुसंधान की समीक्षा करते हुए आईजी ने पुराने मामलों के त्वरित और समयबद्ध निष्पादन पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्ती और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही कांडों के अनुसंधान में गुणवत्ता और समयसीमा का ध्यान रखने को कहा।
दशहरा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए आईजी ने अभी से सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने को कहा। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, गश्ती तेज करने और कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता जरूरी
आईजी ने पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह एवं पुलिस अधिकारियों को आम लोगों की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील तरीके से समाधान करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाले लोगों के साथ पुलिस का व्यवहार सुलभ और सहयोगात्मक होना चाहिए। इससे पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय के साथ पारदर्शी पुलिसिंग सुनिश्चित होगी।
रिपोर्ट:सत्येंदु सुमन