विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा सीमावर्ती क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 12वीं वाहिनी किशनगंज के ई-समवाय माफिटोला अंतर्गत सीमा चौकी फतेहपुर के समीप भारत-नेपाल सीमा के नो-मैन्स लैंड क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान में एसएसबी एवं नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के जवानों ने संयुक्त रूप से भाग लेकर सीमा क्षेत्र की साफ-सफाई की। स्वच्छता अभियान के बाद दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के बीच समन्वय बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में एसएसबी की ई-समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट बलदेव सिंह, सीमा चौकी फतेहपुर के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक हेम चंद्रा डोले सहित 20 जवान तथा नेपाल एपीएफ के डीएसपी किशोर कुमार श्रेष्ठ, एपीएफ फतेहपुर के कमांडर उप निरीक्षक दुर्गा राई सहित 20 जवान एवं नेपाल पुलिस के अधिकारी व जवान मौजूद रहे।
समन्वय बैठक में भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ-साथ सीमा स्तंभों और अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा दोनों बलों की प्राथमिकता है। सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को रोकने तथा सीमा स्तंभों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में मादक पदार्थ, नकली नोट, शराब, हथियार, मवेशी तथा मानव तस्करी सहित विभिन्न प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने कहा कि तस्करी एवं अन्य सीमा पार अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान बेहद आवश्यक है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई करने पर बल दिया गया।
इसके अलावा नो-मैन्स लैंड क्षेत्र में नियमित रूप से संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान चलाने तथा सीमा क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने पर भी सहमति बनी। सीमा चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि सीमा से आने-जाने वाले व्यक्तियों की आवश्यक पूछताछ की जाए, पहचान पत्रों की जांच की जाए तथा जरूरत के अनुसार सामान की तलाशी भी ली जाए।
बैठक के दौरान दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने आपसी समन्वय बनाए रखते हुए भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।