किशनगंज/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को भू-संबंधित जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जनता दरबार का आयोजन किया गया।
अंचल अधिकारी शशि कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने भूमि विवाद, सीमांकन, दाखिल-खारिज सहित अन्य राजस्व एवं भू-संबंधित मामलों को लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। संबंधित मामलों में दोनों पक्षों की बातों को सुनने के बाद उपलब्ध दस्तावेजों एवं तथ्यों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को नियमानुसार समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। वहीं, आपसी सहमति एवं नियमों के अनुरूप कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। इससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली।
अंचल अधिकारी शशि कुमार ने कहा कि भू-संबंधित मामलों के समाधान के लिए जनता दरबार के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी शिकायतें सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है।
ऐसे आयोजनों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर समाधान करना तथा अनावश्यक विवादों को बढ़ने से रोकना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भूमि से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ जनता दरबार में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
जनता दरबार में राजस्व कर्मचारी अरुण पांडेय, विशाल कुमार एवं कार्यपालक सहायक राजा कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।