किशनगंज/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में शनिवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान के सफल संचालन के उपरांत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सभी स्वच्छता पर्यवेक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
स्वच्छता ही सेवा अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक किया गया। इस दौरान प्रखंड की सभी पंचायतों में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने को लेकर विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं। अभियान के सफल क्रियान्वयन में स्वच्छता पर्यवेक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर बीडीओ अजय कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे नियमित रूप से अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने स्वच्छता पर्यवेक्षकों द्वारा पंचायत स्तर पर किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सभी कर्मियों से आगे भी इसी सक्रियता के साथ स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को जारी रखने की अपील की।
सम्मान समारोह के दौरान स्वच्छता पर्यवेक्षकों में उत्साह देखा गया। प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वाले कर्मियों ने भी स्वच्छता अभियान को निरंतर प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में प्रखंड के संबंधित कर्मी एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।