न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

चिल्हनियां पंचायत के कोठीटोला देवरी महादलित टोला के ग्रामीणों ने पक्की सड़क व आरसीसी पुल निर्माण की उठाई मांग

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र के चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित कोठीटोला देवरी महादलित टोला जाने वाली करीब एक किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क की स्थिति काफी जर्जर हो गई है। सड़क के बीच गांव के समीप बनी कटिंग में लगातार पानी जमा रहने से आवागमन में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है।


ग्रामीणों का कहना है कि चैनपुर मुख्य सड़क से कोठीटोला देवरी महादलित टोला तक जाने वाली इस सड़क के निर्माण की मांग को लेकर सांसद, विधायक एवं जिला पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। सड़क कच्ची और बदहाल होने के कारण पैदल चलने के साथ-साथ दोपहिया एवं अन्य वाहनों के आवागमन में भी कठिनाई होती है।

सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं को होती है। सड़क के बीच जलजमाव रहने के कारण बच्चों को विद्यालय आने-जाने में काफी दिक्कत उठानी पड़ती है। कई बार ग्रामीणों को पानी एवं कीचड़ से होकर आवागमन करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के बीच बनी कटिंग पर यदि आरसीसी पुल का निर्माण करा दिया जाए और पूरी सड़क को पक्की कर दी जाए तो बड़ी आबादी को आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

ग्रामीण भगला पासवान, योगेंद्र पासवान, राजेंद्र पासवान, दशरथ मांझी, श्यामलाल मांझी, रमेश मांझी, रोहित मांझी, शंभू झा, रोहित पासवान, संतोष झा, महेश पासवान, भीम चौधरी, संतोष पासवान, बैद्यनाथ झा, लाल झा, तारिणी प्रसाद झा एवं पालन झा सहित दर्जनों ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द सड़क का पक्कीकरण कराने तथा जलजमाव वाले स्थान पर आरसीसी पुल का निर्माण कराने की मांग की है।

Share this news

Leave a Comment