किशनगंज/अब्दुल करीम
किशनगंज शहर के सुभाष पल्ली में शनिवार को सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी की। इस दौरान “ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद”, “नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद” और “अमित शाह मुर्दाबाद” के नारे लगाए गए।
प्रदर्शन में शामिल SDPI नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से तत्काल अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाए गए हैं। उनका कहना था कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
SDPI नेता रईस आजम ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि जब से यह सरकार सत्ता में आई है, तब से देशवासी परेशान हैं और ऐसी सरकार से देश को आजादी दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
वहीं मोहम्मद आफताब आलम ने कहा कि आज पूरे बिहार में SDPI की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।
अब्दुल माजिद ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराने की है, लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त पर एक राजनीतिक दल के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग से निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन में सादिक अख्तर समेत SDPI के दर्जनों नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।