किशनगंज :जिले में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के अनुपालन और अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान का पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने निरीक्षण किया। एसपी ने पश्चिमपाली चौक एवं रामपुर चेक पोस्ट पहुंचकर जांच अभियान का जायजा लिया और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान एसपी श्री कुमार ने ने कई वाहनों की जांच अपने सामने कराई। जांच में वाहन के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट, नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग सहित अन्य यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
एसपी श्री कुमार ने पुलिसकर्मियों को नियमित और प्रभावी तरीके से वाहन जांच करने तथा संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने को कहा। साथ ही आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार करते हुए यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
एसपी श्री कुमार ने कहा कि वाहन जांच का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जिला पुलिस ने लोगों से हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।