संवाददाता /किशनगंज
किशनगंज शहर के खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में शुक्रवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से ‘नीतीश संवाद—जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जीविका के दो दशक के सफर, ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में हुए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री सह ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल शामिल हुए। इसके अलावा ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल, पूर्व मंत्री नौशाद आलम, कार्यक्रम प्रभारी शगुफ्ता अजीम,जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद, नगर अध्यक्ष जय नारायण यादव समेत बड़ी संख्या में जीविका दीदियां, पार्टी के पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने करीब 20 वर्ष पहले जीविका के रूप में जो पौधा लगाया था, वह आज विशाल वृक्ष का रूप ले चुका है। जीविका ने ग्रामीण बिहार की महिलाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाने का काम किया है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को एकजुट कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना, बचत और ऋण की सुविधा उपलब्ध कराना तथा स्वरोजगार के अवसर पैदा करना इस पहल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।
वक्ताओं ने कहा कि कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली बड़ी संख्या में महिलाएं आज जीविका दीदी के रूप में परिवार की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वक्ताओं ने कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को यह विश्वास मिला है कि वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के साथ-साथ अपने पैरों पर खड़ी होकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
यही कारण है कि पिछले दो दशकों में जीविका बिहार के ग्रामीण विकास और महिला सशक्तीकरण की महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई है। नेताओं ने जीविका के 20 वर्षों के सफर को महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए आगे भी इस अभियान को और व्यापक बनाने की बात कही।इस मौके पर बुलंद अख्तर हाशमी, बबलू साहा सहित अन्य लोग मौजूद थे