7 जुलाई से हत्या के मामले में बंद था कैदी
किशनगंज/प्रतिनिधि
किशनगंज मंडल कारा के एक बंदी की गुरुवार को भागलपुर स्थित जेएलएमसीएच (जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल) में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक बंदी की पहचान किशनगंज जिले के विशनपुर निवासी मोहम्मद इस्लाम के पुत्र अनवर हुसैन के रूप में हुई है। जेल अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने मौत की पुष्टि की है।जेल अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक बंदी अनवर हुसैन 7 जुलाई को हत्या के एक मामले में किशनगंज मंडल कारा लाया गया था।
उसके विरुद्ध विशनपुर थाना में कांड संख्या 34/26 के तहत हत्या की प्राथमिकी दर्ज थी।कैदी की तबीयत 26 सितंबर को अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे पहले मंडल कारा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति में सुधार न होने पर 27 सितंबर को उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा, लेकिन वहां से उसे फिर सदर अस्पताल लाया गया।
अस्पताल में जांच के दौरान बंदी के शरीर में खून की कमी पाई गई। इस पर संवेदनशीलता और मानवीयता का परिचय देते हुए मंडल कारा के सिपाहियों ने खुद दो यूनिट ब्लड डोनेट किया।बंदी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएम नवीन कुमार के नेतृत्व में एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया था। मेडिकल बोर्ड के परामर्श पर उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भागलपुर (जेएलएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
जेल अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार को दूरभाष के जरिए उन्हें बंदी की मौत की सूचना मिली। इसके बाद आगे की कानूनी और विभागीय प्रक्रिया को पूरा करने के लिए किशनगंज मंडल कारा के प्रभारी डिप्टी जेल सुप्रिटेंडेंट को भागलपुर भेजा गया है।