न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

सितंबर का राशन नहीं मिलने से 34 डीलर परेशान, डीएम और विधायक से जल्द अनाज उपलब्ध कराने की मांग

किशनगंज/ पोठिया/राज कुमार

प्रखंड क्षेत्र में सितंबर माह का सरकारी खाद्यान्न नहीं मिलने से जन वितरण प्रणाली के 34 डीलरों की परेशानी बढ़ गई है। गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र के कई डीलर छत्तरगाछ ग्राम कचहरी परिसर में एकत्रित हुए और जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं किशनगंज विधायक कमरुल होदा से शेष डीलरों को जल्द खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि उपभोक्ताओं के बीच समय पर राशन का वितरण किया जा सके।डीलरों के अनुसार पोठिया प्रखंड में कुल 136 जन वितरण प्रणाली के डीलर हैं, जिनमें 34 डीलरों को सितंबर माह का गेहूं और चावल अब तक उपलब्ध नहीं कराया गया है।

क्षेत्र में बड़ी संख्या में गरीब एवं जरूरतमंद उपभोक्ता सरकारी राशन पर निर्भर हैं। त्योहार का समय होने के कारण उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है। डीलरों का कहना है कि राशन नहीं मिलने के कारण उपभोक्ता लगातार उनकी दुकानों और घरों पर पहुंचकर अनाज की मांग कर रहे हैं।
पीडीएस डीलर फय्याज आलम सहित अन्य डिलरों ने बताया कि वे लोग 11 सितंबर से ही खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राशन वितरण की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी है और अब दूसरे माह की शुरुआत हो गई है, लेकिन सितंबर का खाद्यान्न नहीं मिलने से डीलरों को उपभोक्ताओं को जवाब देना मुश्किल हो रहा है। डीलरों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पोठिया के एमओ अविनाश कुमार को कई बार जानकारी दी गई, लेकिन अभी तक समस्या का पूर्ण समाधान नहीं हो सका है।

डीलरों ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, पटना के सचिव को भी लिखित शिकायत देकर सितंबर माह का लंबित सरकारी खाद्यान्न (गेहूं-चावल) जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।


पीडीएस डीलर हनीफ, चेयरमैन, फय्याज आलम, मो. इसराइल, संजीत कुमार, इमामुद्दीन, तारिक आलम समेत अन्य डीलरों ने कहा कि वे जिला पदाधिकारी को भी लिखित शिकायत सौंपेंगे। डीलरों ने मांग है कि पोठिया प्रखंड के शेष 34 डीलरों को शीघ्र खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर राशन दिया जा सके। इस संबंध में पोठिया एमओ अविनाश कुमार ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि प्रखंड के 34 डीलरों को सितंबर माह का खाद्यान्न नहीं मिला है।

उन्होंने बताया कि जिले में खाद्यान्न की कमी के कारण संबंधित डीलरों को पूरा अनाज उपलब्ध नहीं हो सका है। एमओ के अनुसार विभिन्न प्रखंडों में जनसंख्या एवं वितरण के अनुपात के अनुरूप खाद्यान्न के आवंटन में अंतर होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

उनका कहना है कि पोठिया में जनसंख्या के अनुपात में अधिक खाद्यान्न की आवश्यकता थी, लेकिन अपेक्षाकृत कम आवंटन हुआ, जबकि कुछ अन्य स्थानों पर आवश्यकता से अधिक खाद्यान्न पहुंच गया।


उन्होंने बताया कि विभागीय स्तर पर समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

Share this news

Leave a Comment