न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज में 32 नव प्रोन्नत पुलिस अवर निरीक्षकों का पद अलंकरण समारोह आयोजित,पुलिस अधीक्षक ने नई जिम्मेदारी के लिए दी शुभकामनाएं

किशनगंज/प्रतिनिधि

पुलिस सभागार, किशनगंज में सोमवार को नव प्रोन्नत 32 पुलिस अवर निरीक्षकों का पद अलंकरण समारोह (पिपिंग सेरेमनी) आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस परिवार के लिए गौरव, सम्मान एवं उत्साह का माहौल रहा। नव प्रोन्नत पुलिस पदाधिकारियों के कंधों पर नई जिम्मेदारी का प्रतीक चिन्ह लगाया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने नव प्रोन्नत 32 पुलिस अवर निरीक्षकों के कंधों पर दो-दो सितारे लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी नव प्रोन्नत पुलिस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं है, बल्कि यह समाज और विभाग के प्रति जिम्मेदारियों को और अधिक गंभीरता से निभाने का अवसर है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय एवं वरीय पदाधिकारियों द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

उन्होंने नव प्रोन्नत पुलिस अवर निरीक्षकों से कहा कि वे अपने अनुभव और कार्यकुशलता का उपयोग करते हुए पुलिसिंग को और बेहतर बनाएं तथा जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि मजबूत करने की दिशा में कार्य करें।

समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने नव प्रोन्नत पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह में जिले के कई पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Comment