जाम से आम लोगों को हो रही परेशानी
बारसोई /कटिहार – प्रखंड कार्यालय परिसर में संचालित बिहार राज्य खाद्य निगम के अनाज वितरण गोदाम को स्थानांतरित करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में भाजपा जिला मंत्री हरमेन्द्र कुमार यादव उर्फ पिन्टु यादव ने अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर जनहित में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। आवेदन में उन्होंने बताया कि प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थित खाद्य निगम के गोदाम में अनाज वितरण के दौरान बड़ी संख्या में ट्रैक्टर एवं ट्रकों का जमावड़ा लगा रहता है।
इसके कारण आए दिन रास्ते पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस मार्ग से अनुमंडल कार्यालय, व्यवहार न्यायालय, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय, अनुमंडलीय अस्पताल, प्रखंड कृषि कार्यालय, बुनियाद केंद्र, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय तथा बारसोई थाना सहित कई महत्वपूर्ण कार्यालयों में लोगों का आना-जाना होता है।
उन्होंने कहा कि वाहनों की अधिक संख्या के कारण विशेष रूप से बुनियाद केंद्र एवं अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। इससे किसानों, शिकायतकर्ताओं, वृद्धजनों एवं मरीजों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
हरमेन्द्र कुमार यादव ने अनुमंडल पदाधिकारी से जनहित को ध्यान में रखते हुए बिहार राज्य खाद्य निगम, बारसोई के गोदाम को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि गोदाम स्थानांतरित होने से सरकारी कार्यालयों में आने-जाने वाले लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी है।