हसनगंज /कटिहार – जिले के हसनगंज प्रखंड क्षेत्र में धनतेरस पर्व को लेकर बाजारों में काफी चहल-पहल देखने को मिली। पर्व को लेकर सुबह से ही बाजार में खरीदारों की आवाजाही बढ़ गई। खासकर झाड़ू की दुकानों पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। धनतेरस के अवसर पर झाड़ू खरीदने की परंपरा को शुभ मानते हुए बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष बाजार पहुंचकर अपनी पसंद के अनुसार झाड़ू की खरीदारी करते नजर आए।
वहीं झाड़ू के अलावा बाजार में बर्तन, दीपक, पूजा सामग्री, घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुओं की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही। दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया था। पर्व को लेकर बाजार में सुबह से शाम तक रौनक बनी रही। खरीदारी करने पहुंचे लोगों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि धनतेरस के अवसर पर हर साल बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ जाती है। इस दिन लोग अपनी जरूरत और सामर्थ्य के अनुसार घरेलू सामानों की खरीदारी करते हैं। वहीं पर्व को लेकर बाजार में चहल-पहल बढ़ने से छोटे-बड़े दुकानदारों में भी अच्छी बिक्री की उम्मीद जगी है। धनतेरस को लेकर पूरे हसनगंज बाजार में उत्सवी माहौल बना हुआ है।