दानापुर हत्याकांड के आरोपियों से हुई पुलिस की मुठभेड़, गोलीबारी में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल
पटना: पटना जिले के मनेर में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। दानापुर हत्याकांड में शामिल आरोपियों की तलाश में पहुंची पुलिस टीम का सामना अपराधियों से हो गया। इस दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं।
मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।उनके बाएं हाथ में गोली लगी है। वहीं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों अपराधियों के मारे जाने की सूचना है।मृतक बदमाशों की पहचान जेपी यादव, राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में हुई है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक तीनों अपराधी मनेर वायापुर के पैक्स अध्यक्ष की हत्या में शामिल थे। इस घटना में मनेर प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू भी अपराधियों की गोली से जख्मी हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल की जांच की जा रही है। फिलहाल मनेर में पुलिस की कार्रवाई जारी है।