संवाददाता/किशनगंज
पशु तस्कर,इंट्री माफिया और अवैध उगाही के आरोप में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पाठमारी थानाध्यक्ष पु0अ0नि0 गंगा प्रसाद गुप्ता, स0अ0नि0 सुनील कुमार एवं चालक सिपाही/37 पवन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि 17/18 अगस्त 2026 की रात पाठामारी थाना क्षेत्र में ठाकुरगंज टोल प्लाजा के पास मवेशी लदे ट्रक को रोकने की सूचना थानाध्यक्ष को मिली थी। आरोप है कि ट्रक को रोकने से पूर्व, रोकने के बाद तथा मुक्त किए जाने के संबंध में किसी वरीय पदाधिकारी को सूचना नहीं दी गई। साथ ही ट्रक पर लदे मवेशियों के संबंध में आवश्यक जांच एवं सत्यापन भी नहीं किया गया। संबंधित कागजात भी प्राप्त नहीं किए गए और अवैध वसूली कर ट्रक को मुक्त कर दिया गया।
मामले की जांच पुलिस अधीक्षक द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-द्वितीय मनोज कुमार सिंह से कराई गई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर थानाध्यक्ष गंगा प्रसाद गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार तथा चालक सिपाही पवन कुमार को संदिग्ध आचरण, स्वेच्छाचारिता, नैतिक अधमता एवं अन्य गंभीर आरोपों में 22 सितंबर 2026 को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही विभागीय जांच एवं कार्रवाई के विरुद्ध सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्ट आचरण के प्रति ‘शून्य सहिष्णुता’ की नीति अपनाई गई है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।