मछली के जलकर में लूटपाट की मिली थी सूचना,%
एसटीएफ और बरारी पुलिस की संयुक्त छापेमारी में पकड़े गए दोनों आरोपी
बरारी /कटिहार – काढ़ागोला घाट के ठोकर संख्या 9 के पास शुक्रवार की सुबह एसटीएफ और बरारी पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुर्सेला थाना क्षेत्र के गोबराही दियारा निवासी उपेंद्र महतो (45) और रंजीत महतो (40) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के पास से दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दियारा क्षेत्र के कुछ अपराधी अवैध हथियार के साथ काढ़ागोला घाट के ठोकर संख्या 9 के पास पहुंचे हैं। उनकी मंशा मछली के जलकर में लूटपाट करने की है। सूचना के बाद थानाध्यक्ष सुमेश कुमार के निर्देश पर एसटीएफ और बरारी थाना पुलिस की संयुक्त छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम सुबह करीब 4:40 बजे थाना से निकली और 5:05 बजे घटनास्थल के आसपास पहुंची। पुलिस बल को देखकर दो संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें जवानों के सहयोग से पकड़ लिया गया।तलाशी के दौरान उपेंद्र महतो के कमर से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस मिले। उसके पास से एक कीपैड मोबाइल भी बरामद हुआ।
वहीं रंजीत महतो के कमर से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस मिले। उसके पास से एक टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किया गया। सभी चार कारतूस के निचले हिस्से पर 8 एमएम केएफ लिखा हुआ था।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार, कारतूस और मोबाइल जब्त कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे हथियार का इस्तेमाल छिनतई की घटनाओं में करते हैं। इस मामले में बरारी थाना में शस्त्र अधिनियम की धारा के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।