न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

दुर्घटनाग्रस्त कार से 320 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

सागर चंद्रा/ किशनगंज


भागने के क्रम में ऑटो को मारी थी टक्कर, ऑटो सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल
शराब तस्कर का पीछा किए जाने पर भाग रही तेज रफ्तार कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। शुक्रवार अल सुबह लहरा चौक के समीप घटित घटना में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। ऑटो सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने ऑटो सवार सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

जबकि घायल कार चालक को टाउन थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। घायल तस्कर की पहचान मोतीबाग कर्बला निवासी 29 वर्षीय मोहम्मद तस्लीम पिता मुस्लिम के रूप में की गई है। जबकि दूसरा घायल तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने घायल तस्लीम का सदर अस्पताल में इलाज कराया। तलाशी लेने पर कार से विभिन्न ब्रांड के 320.34 लीटर विदेशी शराब बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

जबकि बीआर 01 जेके 8878 नंबर की मारूति सुजुकी डिजायर कार के साथ साथ बिना नंबर के ऑटो को पुलिस ने जप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह मधेपुरा निवासी साथी अंशू के साथ बंगाल के धरमपुर से शराब खरीदकर बहादुरगंज डिलीवरी देने जा रहा था। महानंदा पुल के पास पुलिस के वाहन को देखकर तस्कर भयभीत हो गया और वापस लहरा चौक की तरफ तेजी से आ रहा था। इसी क्रम में लहरा चौक के पास सामने से आ रही ऑटो को शराब लदे कार ने टक्कर मार दी। एयर बैग के कारण दोनों कार सवार तस्कर को मामूली चोट आई। इसी बीच अंशू मौका पाकर चुपके से भाग गया।


दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले डायल 112 की मदद से ऑटो सवार सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की पहचान दिघलबैंक निवासी अल्ताफ राजा, फिरोज आलम, गगन कुमार ऋषि, जीतेन ऋषि, जीतेन्द्र कुमार, मुकेश ऋषि, सुभान आलम आदि के रूप में की गई है। घायलों ने बताया कि वे परिवार के साथ दिपावली की खुशियां मनाने घर वापस जा रहे थे। ट्रेन से उतरने के बाद ऑटो पर सवार होकर घर जाने के दौरान बीच रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।

Share this news

Leave a Comment