न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

सीएसपी संचालक की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

गर्दन में नशीली सुई चुभोकर रुपये लूटने का परिजनों ने लगाया आरोप, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी और कॉल डिटेल

सागर चंद्रा/किशनगंज

पौआखाली थाना क्षेत्र के मीरभिट्टा गांव निवासी 35 वर्षीय सीएसपी संचालक तौहीद आलम की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक तौहीद आलम, पिता वसीरूद्दीन, लोहागाड़ा हाट में सीएसपी चलाने के साथ पौआखाली बाजार में मॉल का भी संचालन करता था। परिजनों ने बदमाशों पर गर्दन में नशीली सुई चुभोकर या नशीला पदार्थ खिला कर रुपये लूटने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस को मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं साथ ही लुट या छिनतई की भी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह तौहीद अपने जीजा की बाइक लेकर रुपये निकासी और सेविंग करने की बात कहकर घर से निकला था। करीब दो घंटे बाद उसने पत्नी को फोन कर बताया कि किसी व्यक्ति ने उसकी गर्दन में नशीली सुई चुभो दी है। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में निकले। कादोगांव के समीप सुनसान स्थान पर तौहीद सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला। उसके पास बाइक और मोबाइल भी पड़ा था।

परिजन उसे तत्काल पौआखाली पीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल में चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी मिलने पर टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। इसके बाद पौआखाली और सुखानी थाना की पुलिस भी वहां पहुंची। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी टू मनोज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और उनके द्वारा भी परिजनों से पूछताछ की गई ।

सीसीटीवी और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। बैंक और एटीएम से रुपये निकासी की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल भी पुलिस जांच रही है, ताकि घटना से पहले और बाद में हुई बातचीत का पता लगाया जा सके।पुलिस द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने मृतक के साथ आपराधिक घटना होने तथा बाद में तबीयत खराब होने की बात कही है।
पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। SIT द्वारा तकनीकी एवं मानवीय सूचनाएं जुटाकर मामले की जांच की जा रही है।

तौहीद की मौत से उसके पांच बच्चों और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चे अपने पिता के घर लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन उनकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।

Share this news

Leave a Comment