किशनगंज/सागर चंद्रा
शादी करने का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल कर देने की धमकी देने वाले आरोपी को महिला थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोचाधामन थाना क्षेत्र के कुट्टी पंचायत स्थित नरंगा गांव निवासी आरोपी नूर आलम से आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी नूर आलम का पीड़िता के घर पूर्व से आना-जाना था। एक दिन जब पीड़िता अपने घर में अकेली थी तो नूर ने उसके समक्ष मोहब्बत का इजहार किया और शादी करने का झांसा दिया।
जिससे पीड़िता भी उसके झांसे में आ गई। जबकि नूर उसके साथ लगातार दुष्कर्म करने लगा। लेकिन जब भी पीड़िता उसपर शादी करने का दबाव बनाती थी तो वह टालमटोल करने लगता था। इसी दौरान नूर ने चुपके से अपने मोबाइल से दुष्कर्म का वीडियो बना लिया था। नूर चार वर्षों तक पीड़िता को धोखे में रखकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। लेकिन गत 19 सितंबर 2025 को जब पीड़िता ने नूर को फोन कर शादी करने की बात कही तो उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया और पीड़िता का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी भी दी।
मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर पंचायती भी की गई। लेकिन आरोपी और उसके परिजनों ने भरी पंचायत में शादी करने से इंकार कर दिया। घटना से परेशान पीड़िता मामले की शिकायत लेकर महिला थाने पहुंची।
लेकिन यहां भी उसकी गुहार अनसुनी कर दी गई। आखिरकार पीड़िता ने इंसाफ के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के निर्देश पर महिला थाने में गत 11 अप्रैल को कांड संख्या 50/26 दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई थी।