पूजा अर्चना भजन के बाद महाभोग प्रसाद का वितरण
कटिहार – शहर के बड़ा बाजार हाट में छह दशक पुराने हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार के पावन अवसर पर वैदिक रीति के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन भक्तिमय वातावरण में किया गया। मन्दिर समिति के अध्यक्ष राज कुमार मुरारका ने बताया कि मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच पूरे विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया।
पंडित जयप्रकाश पांडेय के नेतृत्व में पूजा-अर्चना कराई गई। मंदिर के शुद्धिकरण के बाद बाबा हनुमान को नया चोला पहनाया गया। इसके बाद हवन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुति दी। हवन के दौरान पूरा मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने जय हनुमान के जयकारे लगाए। जिससे आसपास का वातावरण भी भक्तिमय हो उठा।
श्री कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अध्यात्म चेतना मंच की ओर से सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया गया। श्रद्धालुओं ने एक साथ सुंदरकांड का पाठ कर भगवान हनुमान की आराधना की। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायक अमित पोद्दार, रवि अग्रवाल और अभिषेक महावर ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। आयोजन में अध्यक्ष राजकुमार मुरारका, सचिव मनोज रुंगटा, कोषाध्यक्ष चंचल सुल्तानिया हनुमान अग्रवाल, पूर्व निगम पार्षद किशन बजाज,पिंटू सुल्तानिया ,राहुल मुरारका ,मनोज बिदासरिया , रणजीत दास, अजय दास, गोपाल, कृष्णा, चेतन और अन्य लोग मंदिर निर्माण में अपना पूरा समय दे रहे हैं।
इस मौके पर सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, दुलाल चंद गोस्वामी, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, निगम महापौर उषा देवी अग्रवाल, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, चैंबर अध्यक्ष बिमल सिंह बेगानी, बासुकी यादव, अंकित सिंह, नरेश शर्मा आदि उपस्थित रहे। अध्यक्ष श्री मुरारका ने बताया कि लगभग बीस लाख की लगात से हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार कर निर्माण कराया गया है।