नदी कटाव, सड़क, बिजली समेत विभिन्न समस्याओं से हुए अवगत, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
किशनगंज /विजय कुमार साह
किशनगंज के जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बुधवार को दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र का दौरा कर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में संचालित विभिन्न कार्यों, अभिलेखों एवं सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने भारत-नेपाल सीमा से सटे वाइब्रेंट विलेज डोरिया का भी दौरा किया। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, आवागमन, आधारभूत सुविधाओं एवं ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सरकारी सेवाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों से बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं से भी अवगत हुए।स्थानीय लोगों ने डीएम के समक्ष नदी कटाव, सड़क की स्थिति, बिजली आपूर्ति सहित अन्य बुनियादी समस्याओं को रखा।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दौरान नदी के जलस्तर में वृद्धि और कटाव के कारण आवागमन समेत कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, सड़क एवं बिजली से जुड़ी समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली तथा समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की स्थिति का भी जायजा लिया।
डीएम के दौरे को लेकर प्रखंड एवं अंचल प्रशासन के अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा।