न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

फिंगरप्रिंट डिवाइस और आधार कार्ड से साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार

अररिया/अरुण कुमार

महलगांव थाना पुलिस ने फिंगरप्रिंट डिवाइस और आधार कार्ड के जरिए आम लोगों के बैंक खातों से अवैध तरीके से रुपये ट्रांसफर करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 12 मोबाइल, एक लैपटॉप, चार फिंगरप्रिंट स्कैनर, चारपहिया वाहन, वाई-फाई राउटर, छह डाटा केबल समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता कर बताया कि गश्ती एवं अपराध नियंत्रण के दौरान सूचना मिली थी कि महलगांव थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-7 निवासी मोहम्मद राशिद के घर में कुछ लोग संगठित गिरोह बनाकर साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने घर पर छापेमारी की। इस दौरान आरोपी लैपटॉप, मोबाइल और फिंगरप्रिंट डिवाइस के जरिए कथित तौर पर साइबर ठगी करते हुए पकड़े गए।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे फिंगरप्रिंट डिवाइस और आधार कार्ड नंबर का दुरुपयोग कर आम लोगों के बैंक खातों से राशि अपने खातों में ट्रांसफर करते थे। मामले में महलगांव थाना कांड संख्या 183/26 दर्ज कर छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद राशिद (22), मोहम्मद कुर्बान आलम (38), मोहम्मद मंजर (30), मोहम्मद राबरेजा (29), राजा कुमार (22) और हुसैन राजा (19) शामिल हैं। इनमें पांच आरोपी अररिया जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं, जबकि राजा कुमार छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले का निवासी बताया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 मोबाइल, एचपी कंपनी का एक लैपटॉप, चार फिंगरप्रिंट स्कैनर डिवाइस, चारपहिया वाहन, जियो का वाई-फाई राउटर, छह डाटा केबल और एक गाड़ी बरामद की है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और साइबर ठगी की रकम के लेनदेन की भी जांच कर रही है।

Share this news

Leave a Comment