न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज सदर अस्पताल में अब 187 पैथोलॉजिकल जांच मुफ्त, गरीब मरीजों को बड़ी राहत

सागर चंद्रा /किशनगंज

जिले सहित आसपास के इलाकों के मरीजों के लिए राहतभरी खबर है। किशनगंज सदर अस्पताल में अब 187 तरह की पैथोलॉजिकल जांच की सुविधा उपलब्ध हो गई है। डीएम नवीन कुमार की पहल से शुरू हुई इस सुविधा के बाद गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को महंगे निजी लैब का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। शहर के निजी लैब में जिन जांचों के लिए करीब 900 रुपये तक खर्च होते थे, वे जांच अब सदर अस्पताल में मुफ्त उपलब्ध हैं।

डीएम ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि सरकार की मुफ्त जांच सुविधाओं की जानकारी प्रत्येक मरीज तक पहुंचाई जाए। इसके लिए अस्पताल परिसर, ओपीडी और प्रतीक्षा कक्ष में मुफ्त जांच की सूची बड़े साइनबोर्ड पर प्रदर्शित करने का आदेश दिया गया है। इसका उद्देश्य मरीजों को जागरूक करने के साथ बिचौलियों द्वारा गुमराह किए जाने की आशंका को खत्म करना है।

70-80 से बढ़कर 250-300 मरीज रोज करा रहे जांच

नई सुविधा शुरू होने से पैथोलॉजिकल जांच कराने वाले मरीजों की संख्या में भी बड़ा इजाफा हुआ है। पहले जहां प्रतिदिन करीब 70-80 मरीज जांच कराते थे, वहीं अब रोजाना 250 से 300 मरीज विभिन्न रोगों की जांच के लिए सदर अस्पताल पहुंच रहे हैं।

एलएफटी, केएफटी से लेकर हार्मोन और थायरॉयड तक जांच मुफ्त

अस्पताल में एलएफटी, केएफटी, लिपिड प्रोफाइल, सीबीसी, आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम, आरए फैक्टर, यूरिक एसिड, एचबीए1सी, थायरॉयड, इलेक्ट्रोलाइट, बीटी-सीटी और विभिन्न वायरल जांच समेत 187 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच की सुविधा उपलब्ध है।

अत्याधुनिक मशीनों से 24 घंटे जांच

जांच सुविधा के लिए सदर अस्पताल में लाखों रुपये की लागत से अत्याधुनिक मशीनें, क्लिया मेथड मशीन और केमिस्ट्री एनालाइजर सहित अन्य उपकरण लगाए गए हैं। 24 घंटे जांच की सुविधा उपलब्ध रहने से मरीजों और उनके परिजनों को रात में भी जांच के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। जांच रिपोर्ट भी त्वरित रूप से उपलब्ध कराई जा रही है। इससे डॉक्टरों को समय पर सटीक रिपोर्ट मिलने और मरीजों का इलाज शुरू करने में भी सहूलियत हो रही है। स्थानीय स्तर पर शुरू हुई यह सुविधा जिले के मरीजों के लिए आर्थिक राहत के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Share this news

Leave a Comment