संवाददाता/किशनगंज
शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर नगर परिषद की ओर से सफाई कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान, स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज, विकास कुमार, सोनू पासवान, नरेश पासवान सहित नगर परिषद के अन्य कर्मी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने सफाई कर्मियों को शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में गंदगी फैलाने वाले लोगों पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही, दुकानदारों द्वारा सड़क या सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने पर भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि किसी दुकानदार द्वारा लगातार तीन बार से अधिक कचरा फेंका जाता है तो नगर परिषद उसके ट्रेड लाइसेंस को रद्द करने की कार्रवाई करेगी। नगर परिषद की ओर से शहर को स्वच्छ रखने के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराने की बात कही गई है।
वहीं, स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज ने सभी सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित सुरक्षा किट पहनकर ही सफाई कार्य करें। उन्होंने कहा कि सफाई के दौरान कर्मचारियों के पास ग्लव्स सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण होना अनिवार्य है। जिन सफाई कर्मियों के पास निर्धारित किट या ग्लव्स नहीं होंगे, उन्हें चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कचरा उठाकर डंपिंग स्थल तक ले जाने वाले ट्रैक्टरों को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। कहा गया कि वार्डों और सड़कों से कचरा उठाने के बाद उसे डंपिंग स्थल तक ले जाते समय सभी ट्रैक्टरों पर नेट लगाया जाए। इससे रास्ते में कचरा उड़ने से राहगीरों को होने वाली परेशानी कम होगी और सड़क पर दुर्घटना की आशंका भी कम होगी।
नगर परिषद की ओर से सफाई व्यवस्था में लापरवाही नहीं बरतने और शहर को स्वच्छ रखने के लिए सफाई कर्मियों के साथ-साथ आम लोगों और दुकानदारों से भी सहयोग करने की अपील की गई।