अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के मुद्दे से लेकर कानून व्यवस्था और समान नागरिक संहिता तक केंद्र व राज्य सरकार को घेरा
संवाददाता/किशनगंज
एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान ने पत्रकार वार्ता कर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के निर्माण, शिक्षकों की बहाली, बिहार की कानून-व्यवस्था, समान नागरिक संहिता और जमुई में नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार पर गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने और राजनीतिक लाभ के लिए भावनात्मक मुद्दों को हवा देने का आरोप लगाया।
अख्तरूल ईमान ने कहा कि किशनगंज में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दों, शिक्षकों की बहाली समेत अन्य मांगों को लेकर सभी विधायकों के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की गई है। उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान विश्वविद्यालय से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई और केंद्रीय मंत्री की ओर से उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।
यूसीसी पर बोले- विविधता में एकता हमारी पहचान
समान नागरिक संहिता को लेकर अख्तरूल ईमान ने कहा कि भारत की संस्कृति विविधता में एकता की रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा के पास जनहित के ठोस मुद्दे नहीं हैं, इसलिए उन्माद पैदा कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता को लेकर पार्टी की बिहार में क्या रणनीति होगी, इस पर आगे विस्तार से चर्चा की जाएगी।
जमुई की घटना पर भी उठाए सवाल
जमुई में नाबालिग के साथ छेड़छाड़ के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अख्तरूल ईमान ने कहा कि समाज में बढ़ती ऐसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि यौन अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सरकार और समाज दोनों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने इसे सरकार और समाज, दोनों की विफलता बताया।
अख्तरूल ईमान ने बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
पत्रकार वार्ता में विधायक सरवर आलम सहित पार्टी के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।